हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली योग खिलाड़ी, निधि डोगरा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता को एक बार फिर साबित करते हुए कलात्मक योगासन प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। यह उपलब्धि उन्होंने राष्ट्रीय योगासन स्कूली खेल प्रतियोगिता में हासिल की, जो 15 जनवरी से 18 जनवरी 2025 तक एबीपी शिक्षण संस्थान, कोल्हापुर, महाराष्ट्र में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों ने भाग लिया।
निधि डोगरा ने अंडर-19 योगासन खेल में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और लगातार दूसरे वर्ष प्रदेश के लिए पदक जीता। उन्होंने कलात्मक योगासन में शानदार प्रदर्शन कर यह सम्मान प्राप्त किया। इससे पहले, वर्ष 2023-24 में भी उन्होंने अंडर-19 योगासन खेल में हिमाचल प्रदेश को पहला पदक दिलाया था।

प्रतियोगिता से पूर्व निधि डोगरा ने रा व मा पा परमाणु में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। इस शिविर में चीफ द मिशन डॉ. प्रेम शर्मा, प्रशिक्षक कुमारी मनीषा कटोच, और मैनेजर डीपीई शशि कुमार ने टीम का मार्गदर्शन किया।
हमीरपुर जिले के खियूंद गांव की रहने वाली निधि डोगरा वर्तमान में 11वीं कक्षा की छात्रा हैं और सुपर मैग्नेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रताप नगर में पढ़ाई कर रही हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी निधि के नाम 6 विश्व कीर्तिमान भी दर्ज हैं। वह विभिन्न मल्टी रियलिटी शो की विजेता भी रह चुकी हैं। निधि डोगरा कैरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी, देवभूमि हिम कला मंच, और योगा बुक ऑफ रिकॉर्ड्स कम्पनी की ब्रांड एंबेसडर भी हैं।
निधि की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी की लहर है। उनके पिता और निजी प्रशिक्षक, शशि कुमार डीपीई ने निधि की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों और सहयोगियों का धन्यवाद किया। उन्होंने अपनी बेटी को और भी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और हिमाचल प्रदेश के समस्त लोगों को शुभकामनाएं दीं।
