जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF) के दूसरे दिन ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग पर अपनी राय रखते हुए कहा कि AI आपको आसानी से जवाब दे सकता है, लेकिन जवाब के पीछे का लॉजिक समझना बेहद जरूरी है।
चारबाग में हुए ‘लाइटनिंग किड’ सेशन में आनंद ने बच्चों के साथ चेस, करियर, एटीट्यूड और अपने गुस्से तक पर खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे AI का उपयोग जरूर देखते हैं, लेकिन हर सवाल का जवाब AI से ढूंढना जरूरी नहीं मानते, क्योंकि जवाब को समझने में भी थकान होने लगती है।
“प्रैक्टिस सबसे जरूरी, हार से नहीं घबराना चाहिए”
विश्वनाथन आनंद ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए लगातार प्रैक्टिस सबसे अहम है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया,
“मैं भी बहुत गेम हारा हूं। एक समय ऐसा भी आया जब मैं लगातार तीन गेम हारा, लेकिन मैंने हार पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि प्रैक्टिस को प्राथमिकता दी।”
आनंद ने अपनी चेस जर्नी बताते हुए कहा कि पैरेंट्स का रोल करियर को शेप करने में बहुत बड़ा होता है। उनके जीवन में चेस आने का श्रेय उन्होंने अपनी मां को दिया, जो उन्हें टूर्नामेंट्स में लेकर जाती थीं और हमेशा सपोर्ट करती थीं।
JLF की सुबह म्यूजिक से हुई शुरुआत
JLF के दूसरे दिन की शुरुआत मॉर्निंग म्यूजिक में भंवरी देवी की शानदार परफॉर्मेंस के साथ हुई। इसके बाद चारबाग में आनंद का सेशन हुआ। वहीं, फ्रंट लॉन में हो रहे ‘असेम्बलिंग इंडिया’ज कॉन्स्टिट्यूशन’ कार्यक्रम में शशि थरूर नहीं पहुंचे।
आज कई चर्चित सेशन भी होंगे
JLF में आज कई खास सेशन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जोधपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य गज सिंह, राइटर अमन नाथ और अन्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं, ‘द सेंसुअल सेल्फ: ग्लैमर, सेलिब्रिटी एंड सब्सटेंस’ सेशन में शोभा डे बॉलीवुड के नए ट्रेंड्स पर बात करेंगी।




