Yoga News 24 | जोधपुर
राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर जोधपुर स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में योग के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज की गई। विश्वविद्यालय परिसर में पर्वतासन (Parvatasana) का विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के लिए भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने एक साथ भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता और अनुशासन का संदेश दिया।
इस विशेष कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलगुरु प्रो. (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को योग, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।
हजारों विद्यार्थियों की ऐतिहासिक सहभागिता
कार्यक्रम संयोजक एवं यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी के प्राचार्य डॉ. चंद्रभान शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में विश्वविद्यालय के आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, होम्योपैथी तथा बी.एस.सी. नर्सिंग सहित विभिन्न संकायों के लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक रूप से पर्वतासन का अभ्यास किया। डॉ. चंद्रभान शर्मा ने बताया कि यह उपलब्धि योगा बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज की जाएगी, जो विश्व की पहली एवं एकमात्र योग-समर्पित रिकॉर्ड बुक है।
योगगुरु राकेश भारद्वाज के मार्गदर्शन में रिकॉर्ड दावा प्रस्तुत
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में योगा बुक ऑफ रिकार्ड्स के संस्थापक एवं निदेशक योगगुरु राकेश भारद्वाज उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण गाइडलाइंस का पालन करते हुए प्रतिभागियों ने 03 मिनट से अधिक समय तक पर्वतासन का सामूहिक अभ्यास किया और विश्व रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया।
विश्वविद्यालय में उत्सव जैसा माहौल
रिकॉर्ड आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे और सभी ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
यह रिकॉर्ड प्रयास न केवल युवाओं में योग के महत्व को मजबूत करता है, बल्कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भी एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। इससे पूर्व भी डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर योग में चार विश्व कीर्तिमान योगा बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में दर्ज करा चुका है।




