जोधपुर।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक पर्वतासन योग विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में Dr. Sarvepalli Radhakrishnan Rajasthan Ayurved University, जोधपुर में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नेचरोपैथी एंड योगिक साइंसेज के Principle एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. चन्द्रभान शर्मा के मार्गदर्शन में नियमित योग अभ्यास का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है।
इस विशेष अभ्यास सत्र का उद्देश्य आगामी 12 जनवरी 2026 को प्रस्तावित सामूहिक पर्वतासन योग विश्व कीर्तिमान के लिए प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक एवं तकनीकी रूप से तैयार करना है। अभ्यास के दौरान आसन की शुद्धता, स्थिरता, श्वास-प्रश्वास और सामूहिक समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस विशेष अभ्यास सत्र में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नेचरोपैथी एंड योगिक साइंसेज के संकाय सदस्य डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. संजीव भार्गव, डॉ. कविता फोगावट, डॉ. मार्कंडेय बाहरठ एवं अजीत सिंह चारण भी उपस्थित रहे।
अनुशासन और युवा चेतना का संदेश
डॉ. चन्द्रभान शर्मा ने बताया कि नियमित योग अभ्यास से युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता और आत्मबल का विकास होता है। राष्ट्रीय युवा दिवस जैसे प्रेरणादायक अवसर पर योग के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच से जोड़ना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
विश्व कीर्तिमान की दिशा में सशक्त कदम
विश्वविद्यालय के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संकाय से जुड़े प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को पर्वतासन की सही विधि, सामूहिक तालमेल और दीर्घकालिक अभ्यास की जानकारी दी जा रही है। आने वाले दिनों में अभ्यास सत्रों की संख्या और सहभागिता को और अधिक बढ़ाया जाएगा।
यह आयोजन न केवल योग की वैश्विक पहचान को सुदृढ़ करेगा, बल्कि राष्ट्रीय युवा दिवस के संदेश—युवा शक्ति, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण—को भी जन-जन तक पहुँचाएगा।




