FIDE वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप: हार के बाद गुस्से में मैग्नस कार्लसन ने कैमरामैन को दिया धक्का, वीडियो वायरल

FIDE वर्ल्ड रैपिड चैंपियनशिप में हार के बाद वर्ल्ड नंबर-1 और पांच बार के चैंपियन मैग्नस कार्लसन गुस्से में नजर आए। कतर की राजधानी दोहा में शनिवार को खेले गए मुकाबले में रूस के व्लादिस्लाव आर्टेमिएव से हार के बाद बाहर जाते समय कार्लसन ने एक कैमरामैन को धक्का दे दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मैग्नस कार्लसन

15वीं चाल की गलती पड़ी भारी

राउंड-7 में कार्लसन ने 15वीं चाल पर बड़ी चूक कर दी, जिसका आर्टेमिएव ने पूरा फायदा उठाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ आर्टेमिएव 6.5 अंक लेकर अन्य खिलाड़ियों से एक अंक आगे निकल गए।

हार के बाद तेजी से हॉल से निकले

मुकाबले के बाद कार्लसन बेहद नाराज दिखे और खेल हॉल से तेजी से बाहर निकलने लगे। इसी दौरान एक कैमरामैन उनके पीछे चल रहा था, जिसे कार्लसन ने गुस्से में धक्का दे दिया।
टूर्नामेंट की शुरुआत में कार्लसन का प्रदर्शन शानदार रहा था—पहले दिन उन्होंने 5 में से 4.5 अंक जुटाए। हालांकि दूसरे दिन उनका खेल डगमगाया। राउंड-6 में उन्होंने फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के खिलाफ ड्रॉ खेला।

8वें राउंड में की वापसी

कार्लसन ने राउंड-8 में आर्मेनिया के शांत सर्गस्यान को हराकर जोरदार वापसी की। दिन के आखिरी राउंड में उन्होंने अमेरिका के रे रॉबसन के खिलाफ समय के दबाव के बावजूद बेहतर स्थिति बनाई। दो लगातार जीत के बाद कार्लसन 7 अंकों के साथ चार खिलाड़ियों के समूह में शामिल हो गए।

विमेंस में कोनेरू हम्पी संयुक्त बढ़त पर

महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन कोनेरू हम्पी शीर्ष पर बनी हुई हैं। उन्होंने चीन की झू जिनर के साथ 8 में से 6.5 अंक हासिल किए हैं। भारत की हरिका द्रोणावल्ली समेत 10 खिलाड़ी 6 अंकों के साथ उनके पीछे हैं।

ओपन कैटेगरी में भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत स्थिति

ओपन कैटेगरी में भारत के डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी भी दूसरे दिन के बाद खिताबी दौड़ में बने हुए हैं। महिला वर्ग में रविवार को तीन और राउंड खेले जाने हैं।

स्पोर्ट्स डेस्क | Yoga News 24

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top